मध्यप्रदेश शासन के आयुष विभाग के निर्देशानुसार 23 सितंबर 2026 को शासकीय आयुष विंग, पंचकर्म थेरेपी सिविल अस्पताल परिसर, बड़वानी में स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद थीम के तहत जिला स्तरीय आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी निक्कू चौहान द्वारा भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे विशेष स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर में विशेष तौर पर वयोमित्र (वृद्धावस्था जन्य रोग), आमवात, संधिवात तथा विभिन्न वातज रोगों से पीड़ित रोगियों का परीक्षण किया गया। आयुष चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित परामर्श दिया गया और निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया।
शिविर के दौरान कुल 297 रोगियों को सिरावेद, अग्निकर्म, विद्ध कर्म, जलौकावतारण और पंचकर्म चिकित्सा जैसी विशिष्ट पद्धतियों का लाभ प्रदान किया गया।




