सिकल सुरक्षा अभियान के तहत निवाली में जागरूकता एवं स्क्रीनिंग शिविर आयोजित ........
600 से अधिक छात्र-छात्राओं व मरीजों ने लिया भाग, 200 से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग
बड़वानी 19 सितम्बर 2026/जिले में संचालित किए जा रहे "सिकल सुरक्षा अभियान" के अंतर्गत कस्तूरबा वनवासी कन्या आश्रम, निवाली में सिकल सेल रोग के प्रति जागरूकता, स्क्रीनिंग, काउंसलिंग एवं मरीज शिक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्वास्थ्य विभाग एवं Online Service Association (OSA) द्वारा किया गया, जिसे Novo Nordisk Education Foundation का सहयोग प्राप्त हुआ। साथ ही आयुष विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही
कार्यक्रम में सिकल सेल रोग के बचाव, उपचार, नियमित जांच, काउंसलिंग एवं मरीजों की देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। शिविर में 200 से अधिक लोगों की सिकल सेल स्क्रीनिंग की गई, जबकि लगभग 600–700 छात्र-छात्राओं एवं मरीजों ने सहभागिता की।
विशेषज्ञ वक्ताओं के रूप में डॉ. अतुल राठौर, डॉ. पराग सागर एवं डॉ. सेवंती डावर ने सिकल सेल रोग के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी देते हुए प्रतिभागियों एवं मरीजों का मार्गदर्शन किया।
शिविर के दौरान जिला चिकित्सालय, बड़वानी के मेडिकल बोर्ड द्वारा पात्र सिकल सेल मरीजों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी जारी किए गए, जिससे पात्र मरीजों को शासन की विभिन्न सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम की विशेष पहल के रूप में छात्रावास की बालिकाओं ने “सिकल सेल मित्र” बनने की पहल की। इसके माध्यम से बालिकाएं अपने आसपास के लोगों एवं समाज में सिकल सेल रोग के प्रति जागरूकता फैलाने में सहयोग करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान कस्तूरबा वनवासी कन्या आश्रम की पूर्व छात्राओं का सम्मान भी किया गया। इस दौरान पुष्पा जी, कलावती जी,विनीत असरोदिया सहित रवि तिवारी, योगेंद्र पंवार एवं पंकज परिहारे का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग की टीम ने स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य जांच एवं अन्य गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की। आयोजकों ने बताया कि आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सिकल सेल रोग के प्रति जागरूकता, समय पर स्क्रीनिंग, काउंसलिंग एवं मरीजों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसी गतिविधियां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।




