मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा शासकीय सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से 7 अगस्त 2026 से शुरू किए गए मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत सातवें सप्ताह गुरुवार 24 सितंबर 2026 को जिले के सभी जिला स्तरीय, अनुविभागीय एवं खण्डस्तरीय अधिकारी फील्ड पर पहुंचे और योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों की टीम के साथ ब्लॉक मोहखेड़ के बीसापुरकलां और आस - पास के ग्रामों में पहुंचे। शुक्रवार 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी पर स्थानीय अवकाश होने के कारण यह शिविर एक दिन पूर्व गुरुवार को आयोजित किया गया।

इस दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध जन सुविधाओं, व्यवस्थाओं और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री पुष्पेंद्र निगम, एसडीओपी श्री सुनील बरकड़े, सीईओ जनपद पंचायत मोहखेड़ श्री डी.के. करपे, तहसीलदार श्री प्रजीत बंसोड़, बीएमओ डॉ. संजय राय सहित ब्लॉक स्तरीय एवं ग्राम पंचायत स्तरीय सभी अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री नारायन ने किया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लिंगा का निरीक्षण - मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत कलेक्टर श्री नारायन ने प्राथमिक स्वास्थ्य लिंगा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, ओपीडी कक्ष, स्टोर रूम, टीकाकरण कक्ष, नर्सिंग स्टेशन, दवा वितरण कक्ष आदि का निरीक्षण किया और विशेष रूप से एंटी स्नेक वेनम उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में समुचित हाईजीन को लेकर हिदायत दी और वैक्सीन कैरियर कोल्ड बॉक्सेस को स्वच्छ स्थल पर ही रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के बाहरी परिसर की सफाई और समतलीकरण को लेकर भी आवश्यक दिशा - निर्देश दिए। निरीक्षण उपरांत कलेक्टर श्री नारायन और सीईओ जिला पंचायत श्री कुमार ने परिसर में पौधारोपण भी किया। निरीक्षण के दौरान बीएमओ मोहखेड़ डॉ. संजय राय व एम.ओ. डॉ. शालिनी सिंह सहित स्वास्थ्य केंद्र के नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री नारायन ने किया आंगनबाड़ी केंद्र लोनिया का निरीक्षण - मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत कलेक्टर श्री नारायन ने आंगनबाड़ी नर्सरी केंद्र लोनिया का औचक निरीक्षण किया और पोषण आहार एवं केन्द्र संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से सहज संवाद किया, उनके नाम पूछे और अक्षर ज्ञान, भाषा ज्ञान, अंक ज्ञान सहित मूलभूत प्रश्न पूछे।

प्रश्नों के जवाब नन्हें बच्चों ने भी बड़े ही उत्साह और बेबाकी से दिए, बच्चों का आधारभूत शैक्षणिक स्तर अच्छा पाए जाने और हिंदी के साथ ही अंग्रेजी में भी जवाब देने पर कलेक्टर श्री नारायन ने प्रसन्नता जाहिर की। बच्चों ने अंग्रेजी में अपने नाम बताए।

केंद्र में मिल रहे भोजन को लेकर भी बच्चों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, कुछ बच्चों ने यह तक कहा कि उन्हें घर से ज्यादा अच्छा खाना, आंगनबाड़ी का लगता है। कलेक्टर श्री नारायन ने बच्चों से प्रश्न कर उनकी भविष्य की योजनाओं को लेकर उनकी समझ और कल्पनाशीलता का भी आंकलन किया। इन छोटे बच्चों ने भी अपनी समझ के अनुरूप उत्साह पूर्वक डॉक्टर, टीचर और पुलिस बनने की बात कलेक्टर को बेझिझक होकर बताई।

कलेक्टर श्री नारायन ने बच्चों को बड़ों की बात मानने, मन लगाकर पढ़ाई करने और सड़क पर चलते समय अपनी साइड से चलने की समझाइश भी दी। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री ब्रजेश शिवहरे, परियोजना अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका भी मौजूद थे।

बीसापुर कलां में आयोजित खंड स्तरीय शिविर में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, लापरवाहों को जारी हुए नोटिस - निरीक्षण के बाद कलेक्टर श्री नारायन सभी अधिकारियों के साथ पीएम श्री स्कूल बीसापुरकलां में आयोजित खंड स्तरीय शिविर में पहुंचे और समक्ष में एक - एक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान क्षेत्र की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

शिकायतकर्ता कृषक श्री सुनील पाठे ने बताया कि कीटनाशक विक्रेता की सलाह पर दूसरी दवा का खेत में छिड़काव करने से फसल में बहुत नुकसान हो गया है, इस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए शिकायत के निराकरण में रुचि न लेने और फील्ड में समुचित मॉनिटरिंग नहीं करने पर वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी और कृषि विस्तार अधिकारी मोहखेड़ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही दवा विक्रेता के विरुद्ध भी कार्यवाही करने और किसान को हुई फसल क्षति का भी मुआवजा दिलाने के निर्देश दि ये हैं।

शिकायतकर्ता श्री संतोष चौरे की नल जल योजना संबंधी शिकायत, श्री दिनेश कुमार साहू की रास्ता संबंधित शिकायत और राजोला रैयत के श्री रवींद्र की पंचायत के अधूरे निर्माण संबंधी शिकायत पर कलेक्टर श्री नारायन ने शिकायतों के निराकरण में तत्परता और रुचि न लेने, ग्राम पंचायत स्तर तक निरीक्षण व मॉनिटरिंग का अभाव पाए जाने और मुख्यालय पर निवास नहीं पाए जाने पर सीईओ जनपद पंचायत मोहखेड़ की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

संतोषप्रद जवाब नहीं पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित करने की हिदायत भी दी गई। साथ ही ग्राम पंचायत सचिव बदनूर और ग्राम पंचायत सचिव राजोला रैयत को भी विभागीय योजनाओं के उचित क्रियान्वयन नहीं किए जाने, हितग्राहियों को लाभ प्रदान नहीं करने और ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण में सहयोग नहीं करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

इसी तरह उन्होंने अन्य समस्याएं भी सुनी और सम्बंधित अधिकारियों को तत्परता से आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। कई समस्याओं का मौके पर भी निराकरण किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण, मोहखेड़ जनपद के खंड स्तरीय अधिकारी एवं लिंगा, बीसापुरकलां, लोनिया, राजोला रैयत, बदनूर सहित आसपास के ग्रामों के स्थानीय कर्मचारी और लगभग 500 की संख्या ग्रामीण उपस्थित थे।