कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने शनिवार को बरघाट विकासखंड के पौनारकला स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में उपस्थित बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं सीखने की गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली।
बच्चों से सामान्य प्रश्न पूछकर उनकी समझ का जायजा लिया तथा उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।उन्होंने केंद्र में बच्चों को दिए जा रहे नाश्ते एवं भोजन की व्यवस्था का अवलोकन कर पोषण आहार की गुणवत्ता की जानकारी ली। कुपोषित बच्चों के परिजनों से चर्चा कर बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति जानी।
साथ ही गर्भवती महिलाओं से उनके स्वास्थ्य, खान-पान एवं एएनसी जांच के संबंध में जानकारी प्राप्त की।गर्भवती महिलाओं से चर्चा के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर विस्तार से बातचीत की गई। उन्हें भोजन में दाल, हरी सब्जियां, मौसमी फल, दूध एवं अन्य पोषक खाद्य पदार्थों को शामिल करने, पर्याप्त एवं नियमित भोजन लेने तथा गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।
खान-पान में संतुलन बनाए रखने और गर्भस्थ शिशु के बेहतर पोषण के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने पर विशेष जोर दिया गया।कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों को मिल रही सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


