शासन के निर्देशानुसार बच्चों के संरक्षण और कल्याण हेतु संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज जिला सिवनी में आंगन उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह विशेष कार्यक्रम सिंहवाहिनी मंदिर के पास कटंगी रोड सिवनी तथा दादू मोहल्ला संजय वार्ड की आंगनवाड़ियों में आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं और बच्चों को पॉक्सो एक्ट के कड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया गया।
बच्चों को किसी भी प्रकार के शोषण से बचाने के लिए सेफ टच और अनसेफ टच सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के प्रति जागरूक और सतर्क रहने की समझाइश दी गई।
संकट या आपातकालीन स्थिति में बच्चों की मदद के लिए 24 घंटे काम करने वाली चाइल्ड हेल्प लाइन नंबर 1098 के उपयोग और इसकी महत्ता की जानकारी दी गई।जागरूकता सत्र के साथ साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों और धात्री माताओं के उत्तम स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक आहार के महत्व को दर्शाया गया।
इसके अलावा, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जनप्रतिनिधियों के द्वारा परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर सिवनी से केस वर्कर श्रीमती सोनल सक्सेना, केस वर्कर श्रीमती वर्षा बैस, सुपरवाइजर श्रीमती प्रभावती वनवाले सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं और बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं व बच्चे उपस्थित रहे।


