मिशन वात्सल्य योजना अंतर्गत आज कलेक्टोरेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्टर महोदय के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती विनीता कांसवा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में जिले के समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी ( CDPO) एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 तथा पॉक्सो एक्ट के महत्वपूर्ण प्रावधानों, बाल संरक्षण से संबंधित प्रक्रियाओं एवं अधिकारियों की भूमिका के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

उदयन केयर संस्था के श्री बाकर जी एवं श्री अंकित बांके जी द्वारा प्रशिक्षण प्रदान करते हुए बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई तथा अधिनियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग से श्री अनुज जैन, श्री संतोष रघुवंशी एवं श्री महेन्द्र धाकड़ उपस्थित रहे।

श्री अनुज जैन द्वारा जिले की पर्यवेक्षकों को स्पॉन्सरशिप योजना के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने योजना के उद्देश्य, पात्रता, प्रक्रिया एवं पात्र बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जिले में बाल संरक्षण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाना तथा मैदानी स्तर पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बाल संरक्षण कानूनों एवं योजनाओं की व्यवहारिक जानकारी उपलब्ध कराना रहा।