सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर 19 सितंबर से 9 अक्टूबर 2026 तक नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनसेवा के कार्यों, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा इन योजनाओं से आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की प्रेरणादायी कहानियां प्रस्तुत की जाएंगी। इसके माध्यम से योजनाओं के लाभ और उनके प्रभाव की जानकारी मनोरंजक एवं प्रभावी तरीके से नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी।

इसी क्रम में संस्था ‘ऋतु रंगशाला’, नरसिंहपुर द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। प्रस्तुतियों के माध्यम से विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव एवं सफलता की कहानियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

सेवा संकल्प अभियान की कार्ययोजना के अनुसार 25 सितम्बर को सीएम राइज स्कूल गोटेगांव, शासकीय ठाकुर निरंजन सिंह कॉलेज गोटेगांव एवं ग्राम पंचायत करेली कलां में विशेष रूप से नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं एवं ग्रामीण नागरिकों को शासन की योजनाओं, जनसेवा, सामाजिक सहभागिता तथा नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया जाएगा।