जन विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक पहुंचाने और उन्हें आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत अमथनू के अंतर्गत ग्राम सुआतला में कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ श्री गजेन्द्र सिंह नागेश ने भ्रमण कर विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया।

भ्रमण के दौरान आजीविका मिशन के माध्यम से एक बगिया मां के नाम योजना से लाभान्वित हितग्राही श्रीमती वंदना सोनी की बगिया का निरीक्षण किया गया। बगिया में नींबू, अमरूद एवं पपीता सहित लगभग 50 फलदार पौधे लगाए गए हैं। आदिशक्ति स्व-सहायता समूह सुआतला की सदस्य श्रीमती वंदना सोनी ने मनरेगा के अंतर्गत एक बगिया मां के नाम अभिसरण के माध्यम से योजना का लाभ प्राप्त कर अपनी बगिया विकसित की है। फलदार पौधों से तैयार हो रही यह बगिया परिवार के लिए भविष्य में अतिरिक्त आय और आजीविका का साधन बनेगी।