नगर पालिका परिषद सीधी ने नगरवासियों को पावन गणेश महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की है।

नगर पालिका परिषद ने गणेश उत्सव के अवसर पर नागरिकों एवं गणेश उत्सव समितियों से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन नदी, नालों, तालाबों अथवा अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों में न करने की अपील की है। जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाना तथा नगर की स्वच्छता एवं पर्यावरण की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

प्रतिमा विसर्जन के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा एक्सीलेंस स्कूल मैदान में अस्थाई विसर्जन कुण्ड तैयार कराया गया है। नगरवासियों एवं गणेश उत्सव समितियों से अनुरोध किया गया है कि छोटी-बड़ी सभी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित अस्थाई विसर्जन कुण्ड में ही करें।

नगर पालिका ने यह भी अपील की है कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान पूजा सामग्री, फूल-माला, कपड़े, प्लास्टिक एवं अन्य सामग्री जलस्रोतों में न डालें। इन सामग्रियों का निर्धारित स्थल पर ही उचित निस्तारण करें।

नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से गणेश महोत्सव को श्रद्धा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के साथ मनाने में सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया है।