कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा, सीएम मॉनिट, विभिन्न विभागीय योजनाओं, लंबित प्रकरणों तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अपर कलेक्टर श्री अरविंद सिंह और विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख मौजूद थे।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती सिंह ने अधिकारियों को शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे। कलेक्टर ने जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों की स्थिति की भी समीक्षा की।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को अभियान के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा पोर्टल पर जानकारी एवं प्रगति की प्रविष्टियां समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा एवं मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा। विदित है कि 25 सितम्बर को जनपद पंचायत गोटेगांव के करेलीकलां में जन संवाद शिविर का आयोजन होगा।
बैठक में एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जिले में होने वाली गतिविधियों के बारे में भी चर्चा की गई। जन सेवा संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 से 26 सितंबर तक विभिन्न स्थानों पर गतिविधियां होंगी। 23 सितंबर को सरसला आगमन से यात्रा शुरू होगी और 24 सितंबर को तेंदूखेड़ा से अगले गंतव्य के लिए प्रस्थान होगा।
रूट क्रमांक-7 के तहत 24 सितंबर को गोटेगांव में आगमन के बाद खेल एवं स्वास्थ्य जागरूकता कैंप से गतिविधियों की शुरुआत होगी। 25 सितंबर को नरसिंहपुर से यात्रा आगे बढ़ते हुए करेली, करपगांव, बोहानी, गाडरवारा और पनागर-सालीचौंका पहुंचेगी तथा 26 सितंबर की सुबह अगले गंतव्य के लिए प्रस्थान करेगी।
पीएम किसान और संबल 2.0 की प्रगति की समीक्षा
बैठक में पीएम किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित शिकायतों एवं उनके निराकरण की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा इसकी दैनिक समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार संबल 2.0 योजना की प्रगति, पंजीयन एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती सिंह ने पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने तथा पंजीयन एवं प्रकरणों के निराकरण की प्रगति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। इस कार्य में सभी जनपद पंचायत सीईओ के द्वारा बेहतर कार्य करने पर बधाई दी।
पीएम जनमन एवं जनजातीय क्षेत्रों की योजनाओं पर विशेष ध्यान
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने पीएम जनमन योजना एवं जनजातीय क्षेत्रों में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मैदानी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करने तथा भ्रमण की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनजातीय क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया।

