प्रदेश के निर्देशानुसार एवं जिला प्रशासन के सहयोग व तत्वावधान में ‘‘नमो सेवा (अनकही कहानियां)’’ विषय पर सम्पूर्ण नाट्य एवं लोक कला समिति शहडोल मध्यप्रदेश के कलाकारों द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामों, हाट-बाजारों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं अन्य स्थानों पर नुक्कड़ नाटक एवं ऑडियो क्लिप के माध्यम से प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। कार्यक्रम के लिए कलाकारों की अलग-अलग टीमें गठित कर निर्धारित आदेश एवं सूची के अनुसार विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आवश्यकता के अनुसार कुछ स्थानों एवं समय में परिवर्तन भी किया गया है।

‘‘नमो सेवा (अनकही कहानियां)’’ के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं उनके कार्यकाल के दौरान किए गए विभिन्न कार्यों, प्रयासों एवं योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। नुक्कड़ नाटक में विभिन्न योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यों के साथ-साथ समय-समय पर देश के सामने आई आपदाओं एवं विपदाओं से निपटने के लिए किए गए प्रयासों और अपनाए गए उपायों को भी ऑडियो ट्रैक एवं नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है।

कार्यक्रम के माध्यम से श्री नरेन्द्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल से जुड़े विभिन्न प्रसंगों तथा गुजरात में हुए विकास एवं बदलाव से संबंधित विषयों को भी ‘‘अनकही कहानियां’’ के रूप में आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। साथ ही उनके कार्यों एवं सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

शहडोल जिले में नुक्कड़ नाटक की गतिविधियों का शुभारंभ 17 सितम्बर 2026 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर किया गया था। यह गतिविधियां 24 सितम्बर 2026 तक जारी रहेंगी। कार्यक्रम का समापन 25 सितम्बर 2026 को किया जाएगा, जिसमें कलाकारों एवं सहयोगियों के सम्मान का आयोजन भी किया जाएगा।

नुक्कड़ नाटक की गतिविधियों में रंगकर्मी लकी चतुर्वेदी एवं साथी कलाकारों द्वारा जिले के विभिन्न निर्धारित स्थानों पर उत्साहपूर्वक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक एवं ऑडियो क्लिप के माध्यम से विषयवस्तु को सहज एवं प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाया जा रहा है।