श्री ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं आध्यात्मिक अनुभव को समृद्ध बनाने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई ओंकार पर्वत परिक्रमा सेवा को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों से ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालु वेबसाइट के माध्यम से परिक्रमा की बुकिंग कर इस सेवा का लाभ उठा रहे हैं।
इसी क्रम में आज दिल्ली से श्री करण मित्रा, रांची से श्री अभिषेक राज तथा पुणे से सुश्री विद्या अय्यर ने अपने-अपने समूह के साथ ओंकार पर्वत की परिक्रमा की। परिक्रमा के दौरान मंदिर ट्रस्ट के गाइड श्रद्धालुओं के साथ रहे और उन्हें ओंकार पर्वत परिक्रमा की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महिमा के साथ-साथ मार्ग में आने वाले दर्शनीय एवं पुरातात्विक स्थलों की जानकारी दी।
साथ ही विभिन्न मंदिरों के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व से भी श्रद्धालुओं को अवगत कराया गया। यात्रियों द्वारा परिक्रमा सेवा को और बेहतर बनाने के लिए कुछ सुझाव भी दिए गए, जिन पर मंदिर ट्रस्ट द्वारा आगामी समय में अमल किए जाने की बात कही गई। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिक्रमा मार्ग में विश्राम स्थल, शीतल पेयजल एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की जा रही है।
मंदिर ट्रस्ट की इस पहल से श्रद्धालुओं को ओंकार पर्वत की परिक्रमा के दौरान धार्मिक स्थलों एवं क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व को जानने के साथ सुविधाजनक एवं व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल रहा है।


