पेड़ सिर्फ धरती की सुंदरता नहीं बढ़ाते, बल्कि ये हमारी सांसों का आधार हैं: विधायक श्री जैन

विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी लें: कलेक्टर श्रीमती भिड़े

ट्रेन्चिंग ग्राउंड में वृहद पौधारोपण, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज निवाड़ी में ट्रेन्चिंग ग्राउंड परिसर में एक वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य अनुपयोगी एवं अपशिष्ट प्रबंधन वाले क्षेत्रों को हरा-भरा बनाना तथा आमजन को पर्यावरण व प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधरोपण कर समाज को हरियाली और स्वच्छता का संयुक्त संदेश दिया।

अधिकारियों ने रोपे पौधे, लिया देखरेख का संकल्प

पौधारोपण कार्यक्रम में विधायक निवाड़ी श्री अनिल जैन, अध्यक्ष नगर परिषद निवाड़ी श्री गुलाब अहिरवार, श्री नंदकिशोर नापित एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, जिला पंचायत सीईओ श्री रोहन सक्सेना, डीएफओ श्री मनोज कुमार सिंह, एसडीएम श्री अशोक कुमार सेन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री मनीषा जैन खनिज अधिकारी श्री अजय मिश्रा एवं जिला नगरीय प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। इस दौरान अधिकारियों ने केवल पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उनके पूर्ण रूप से विकसित होने तक नियमित देखरेख और सिंचाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी संकल्प लिया।

ट्रेन्चिंग ग्राउंड को हरा-भरा बनाने की अनूठी पहल

आम तौर पर ट्रेन्चिंग ग्राउंड कचरा निष्पादन और अपशिष्ट प्रबंधन के लिए जाना जाता है। ऐसे स्थल पर वृहद स्तर पर पौधारोपण की यह पहल शहर के सौंदर्यीकरण और वायु गुणवत्ता में सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम है।

विधायक निवाड़ी श्री अनिल जैन ने कहा कि पेड़ सिर्फ धरती की सुंदरता नहीं बढ़ाते, बल्कि ये हमारी सांसों का आधार हैं। हमें केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि एक माता-पिता की तरह उस पौधे की सुरक्षा और देखभाल का भी संकल्प लेना है। आज हम सब मिलकर यह प्रण लें कि अपने जीवन के हर विशेष अवसर पर एक पौधा जरूर लगाएंगे और अपनी आने वाली पीढ़ी को एक स्वच्छ, हरा-भरा और स्वस्थ निवाड़ी सौंपेंगे।

कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले भर में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी लें।

इस अवसर पर नगर पालिका, राजस्व, पुलिस तथा जिला पंचायत विभाग के अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। सभी ने मिलकर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।