सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” गतिविधि के तहत शुक्रवार सुबह ताप्ती नदी के तट पर स्थित राजघाट पर जिला स्तरीय स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, सफाई मित्रों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता करते हुए श्रमदान किया और स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान राजघाट परिसर में व्यापक स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं।
इस दौरान सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, महापौर श्रीमती माधुरी पटेल, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती अनीता यादव, जिला अध्यक्ष श्री मनोज माने सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, सफाई मित्रों एवं गणमान्य नागरिकों ने हाथों में झाड़ू, फावड़े, तगाड़ी सहित अन्य स्वच्छता उपकरण लेकर श्रमदान किया। सभी ने मिलकर राजघाट परिसर एवं घाट क्षेत्र में जमा कचरे को एकत्रित कर सफाई की तथा कचरे को कचरा गाड़ी तक पहुंचाया।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों, नदी-घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर सेवा संकल्प अभियान के प्रति लोगों की सहभागिता और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आकर्षक सेल्फी बूथ बनाया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम के सहभागियों द्वारा हस्ताक्षर कर प्लास्टिक की जगह कपड़े की थैलियों का उपयोग करने का संकल्प लिया गया। “सेवा मेरा योगदान” गतिविधि का उद्देश्य नागरिकों में सेवा भावना, सामाजिक सहभागिता और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है। राजघाट पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों की सहभागिता ने सामूहिक प्रयासों के माध्यम से स्वच्छता के संदेश को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाया गया।


