सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में जनभागीदारी और सेवा भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 17 सितम्बर को विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में 17 सितम्बर को शाम 7 बजे जिलेभर में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इस अवसर पर जिले के 10 प्रमुख स्थलों पर विशेष रूप से दीप प्रज्ज्वलन की व्यवस्था की गई है।
जिले के प्रमुख स्थलों में दादा धूनी दरबार साईंखेड़ा, बरमान घाट, नरसिंह मंदिर, शंकर नदी घाट गाडरवारा, झिकोली घाट, ककरा घाट, राज राजेश्वरी हीरापुर, नीलकंठ रिछावर, बगासपुर आसनजी तथा सिंगरी रिवर फ्रंट मगरधा शामिल हैं। इन स्थानों पर निर्धारित समय पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
हितग्राही परिवारों के घर भी जलेंगे दीप
सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित प्रत्येक हितग्राही परिवार के घर पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इस पहल के माध्यम से अभियान में अधिक से अधिक हितग्राहियों, परिवारों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए समस्त अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में होंगे रक्तदान शिविर
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर को जिले में रक्तदान शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा। जिला मुख्यालय नरसिंहपुर में पीजी कॉलेज में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सिविल अस्पताल एवं जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। रक्तदान शिविरों के लिए ब्लड बैंक एवं रेडक्रॉस से समन्वय किया जाएगा। शिविरों में रक्तदाताओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चिकित्सकों, पैरामेडिकल टीम, रक्तसंग्रह वाहन तथा आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
रक्तदान शिविरों के सफल आयोजन के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, नरसिंहपुर तथा सिविल सर्जन को नोडल अधिकारी है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित दीप प्रज्ज्वलन एवं रक्तदान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जिले में सेवा, सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से आह्वान किया है कि इस सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर वे अपनी सहभागिता करे।
