निवाड़ी में 25 सितंबर को 'युवा संगम रोजगार मेला', सीधे इंटरव्यू से युवाओं को मिलेगा नौकरी का अवसर --
जिला प्रशासन निवाड़ी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के सुअवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक दिवसीय 'युवा संगम रोजगार मेला' का आयोजन किया जा रहा है।
जिला रोजगार कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह मेला आगामी 25 सितंबर 2026 (दिन: शुक्रवार) को प्रातः 11:00 बजे से आयोजित होगा। मेले का स्थान शासकीय अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद स्नातकोत्तर (पीजी) महाविद्यालय, निवाड़ी निर्धारित किया गया है।इस रोजगार मेले में देश एवं प्रदेश की कई प्रतिष्ठित निजी कंपनियां उपस्थित रहेंगी, जो विभिन्न पदों के लिए युवाओं का सीधे साक्षात्कार (इंटरव्यू) के माध्यम से प्राथमिक चयन करेंगी।
इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ समस्त शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, अंकसूचियां, उनकी स्वप्रमाणित छायाप्रतियां, बायोडाटा/रिज्यूम एवं समग्र आईडी (Samagra ID) अनिवार्य रूप से साथ लेकर आना होगा। जिला प्रशासन ने जिले के समस्त पात्र युवाओं से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं।
