शासकीय कन्या महाविद्यालय, सीधी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत मंगलवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ओ.पी. नामदेव की अध्यक्षता में हुआ।
प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्र के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण, रचनात्मक चिंतन, अभिव्यक्ति-कौशल और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी सृजनात्मक प्रतिभा के माध्यम से विकसित, समृद्ध, स्वच्छ, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत की कल्पना को रंगों और चित्रों के जरिए प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में अंकिता सिंह सेंगर ने प्रथम, अंजली यादव ने द्वितीय तथा दिव्या प्रजापति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विचार व्यक्त करते हुए देश के वर्तमान स्वरूप, भविष्य की संभावनाओं और राष्ट्र निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका पर प्रकाश डाला। वक्तव्यों में शिक्षा, समान अवसर, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता एवं समावेशी विकास जैसे विषय प्रमुख रहे। इसमें प्रीति जायसवाल ने प्रथम, अंजलि तिवारी ने द्वितीय तथा प्रिया मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्राचार्य प्रो. ओ.पी. नामदेव ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रचनात्मक एवं बौद्धिक गतिविधियां व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति-कौशल को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्राओं से सकारात्मक सोच और रचनात्मक ऊर्जा के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. देवेंद्र कुमार सोनी, डॉ. अमृता ब्राह्मणे, डॉ. प्रतिमा कौल, डॉ. दीप्ति सिंह, डॉ. आका सिंह तिवारी, प्रो. गरिमा शुक्ला एवं डॉ. उमेश कुमार पाठक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन आकांक्षा खादीकर ने किया। चित्रकला प्रतियोगिता की प्रभारी डॉ. मनीषा सिंह तथा भाषण प्रतियोगिता की प्रभारी प्रो. रितु मिश्रा रहीं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं छात्राओं की सहभागिता रही। दोनों प्रतियोगिताएं उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुईं।



