मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा सचिव श्री विशेष गढ़पाले ने जिले के 132/33 केवी एमपी ट्रांसको सब स्टेशन बरमान का निरीक्षण किया। उन्होंने सब स्टेशन की विद्युत व्यवस्था, उपलब्ध क्षमता, उपकरणों के रखरखाव तथा आगामी रबी सीजन को दृष्टिगत रखते हुए लोड प्रबंधन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान श्री गढ़पाले ने सब स्टेशन में स्थापित पावर ट्रांसफार्मरों सहित विभिन्न विद्युत उपकरणों का अवलोकन किया तथा उनके रखरखाव और मेंटेनेंस की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य अभियंता परीक्षण श्री एमवाई मंसूरी से सब स्टेशन के वर्तमान वोल्टेज प्रोफाइल, विद्युत लोड तथा आपूर्ति व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

रबी सीजन में पर्याप्त वोल्टेज पर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

ऊर्जा सचिव श्री गढ़पाले ने निर्देश दिए कि आगामी रबी सीजन में किसानों को सिंचाई के लिए निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित वोल्टेज पर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि रबी सीजन में सिंचाई भार बढ़ने से विद्युत मांग में वृद्धि होती है। इसे ध्यान में रखते हुए सब स्टेशन एवं उससे जुड़े फीडरों की क्षमता और उपलब्धता की पूर्व समीक्षा कर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं।

उन्होंने सब स्टेशन में स्थापित कैपेसिटर बैंक को पूरी क्षमता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित रखने के निर्देश दिए, ताकि विद्युत प्रणाली का वोल्टेज प्रोफाइल बेहतर बना रहे और किसानों को सिंचाई के दौरान वोल्टेज संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।

श्री गढ़पाले ने 132 केवी बरमान सब स्टेशन से निकलने वाले विभिन्न 132 केवी एवं 33 केवी फीडरों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सब स्टेशन में स्थापित स्काडा प्रणाली तथा ऑप्टिकल फाइबर ग्राउंड वायर के माध्यम से डेटा ट्रांसमिशन एवं संचार व्यवस्था की भी जानकारी ली। मुख्य अभियंता श्री मंसूरी ने इन तकनीकों के माध्यम से विद्युत प्रणाली की निगरानी, डेटा संचार एवं परिचालन व्यवस्था के संबंध में अवगत कराया।

उपकरणों के परीक्षण एवं रखरखाव पर जोर

ऊर्जा सचिव ने अभियंताओं को रबी सीजन प्रारंभ होने से पहले सभी महत्वपूर्ण विद्युत उपकरणों, ट्रांसफार्मरों, फीडरों एवं सुरक्षा प्रणालियों का आवश्यक परीक्षण एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत भार बढ़ने की स्थिति में संभावित व्यवधान को रोकने के लिए अग्रिम तैयारी और सतत निगरानी आवश्यक है। उन्होंने एमपी ट्रांसको एवं पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता टेस्टिंग नरसिंहपुर श्री रमेश सिंह, श्री राजेश कुमार चतुर्वेदी, सहायक अभियंता श्री अनीश अहमद कुरैशी, पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी नरसिंहपुर के अधीक्षण अभियंता श्री विवेक जसेले सहित अन्य अभियंता उपस्थित रहे।