बेरोजगार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय, मुरैना द्वारा एक दिवसीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेले (युवा संगम) का आयोजन 28 सितम्बर 2026 को किया जाएगा। मेला जिला रोजगार कार्यालय परिसर, चंबल कॉलोनी के पीछे, मुरैना में प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा उनकी आवश्यकतानुसार रिक्त पदों पर युवाओं का चयन किया जाएगा। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा तथा पात्र युवाओं के ऋण प्रकरण तैयार करने की कार्यवाही भी की जाएगी।
मेले में वर्धमान फेब्रिकेशन प्रा.लि., भोपाल द्वारा मशीन ऑपरेटर पद के लिए मिडिल से हायर सेकेंडरी उत्तीर्ण 18 से 25 वर्ष आयु के युवाओं का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को 18 हजार रुपये तक वेतन मिलेगा। प्रेम मोटर्स प्रा.लि., मुरैना द्वारा वर्कशॉप के लिए 10वीं से 12वीं उत्तीर्ण 18 से 28 वर्ष आयु के युवाओं को 8 से 15 हजार रुपये तक वेतन पर अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।
पायोनियर सिक्योरिटी सर्विस, गुजरात द्वारा सुरक्षा गार्ड पद के लिए 10वीं से 12वीं उत्तीर्ण 18 से 45 वर्ष आयु के युवाओं का चयन किया जाएगा, जिन्हें 20 से 22 हजार रुपये तक वेतन मिलेगा। अपोलो टायर्स प्रा.लि., बड़ौदा द्वारा आई.टी.आई. के सभी ट्रेड के 18 से 26 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को मशीन ऑपरेटर एवं प्रशिक्षु पद पर अवसर दिया जाएगा, जिसमें 17,316 रुपये वेतन निर्धारित है। जॉब फेयर नाउ कॉम द्वारा उप शाखा प्रबंधक पद के लिए स्नातक, एम.बी.ए. एवं बी.कॉम योग्यताधारी 21 से 28 वर्ष आयु के युवाओं का चयन किया जाएगा। इस पद पर वार्षिक वेतन 5 लाख रुपये तक रहेगा।
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक युवा समग्र आईडी, रोजगार पंजीयन, शैक्षणिक योग्यता संबंधी प्रमाण-पत्र एवं बायोडाटा के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर रोजगार के अवसर का लाभ उठा सकते हैं। मेले में शामिल होने वाले युवाओं को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
