सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय इंदौर द्वारा सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, महिला स्वास्थ्य, रचनात्मकता एवं आधुनिक तकनीकी कौशल विकास से जुड़ी विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति के मार्गदर्शन में आयोजित विभिन्न गतिविधियों में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने कौशल एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अभियान की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्लास्टिक मुक्त अभियान के अंतर्गत शपथ कार्यक्रम से की गई। छात्राओं एवं महाविद्यालय परिवार ने प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग को कम करने, पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। छात्राओं की रचनात्मकता, नवाचार एवं समस्या समाधान क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इनोवेशन एवं हैकथॉन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने विभिन्न सामाजिक एवं व्यावहारिक समस्याओं को चिन्हित कर उनके तकनीकी एवं रचनात्मक समाधान प्रस्तुत किए। इस गतिविधि के माध्यम से छात्राओं को नए विचारों को विकसित करने तथा उन्हें व्यावहारिक स्वरूप प्रदान करने का अवसर मिला।
महाविद्यालय में आयोजित तकनीकी एवं AI कौशल विकास के अंतर्गत “Beyond the Prompt: Advanced AI Skills” विषय पर तीन दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उन्नत उपयोग, प्रभावी प्रॉम्प्टिंग तथा AI आधारित तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी गई। कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को बदलते तकनीकी परिदृश्य के अनुरूप आधुनिक डिजिटल एवं AI कौशल से सक्षम बनाना रहा। महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। प्रभावी संवाद एवं रचनात्मक प्रस्तुति के माध्यम से स्वास्थ्य, स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व का संदेश दिया गया। छात्राओं की प्रस्तुति ने सामाजिक जागरूकता के संदेश को सहज एवं प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाया। साथ ही राष्ट्र निर्माण एवं युवा सोच को अभिव्यक्ति देने के उद्देश्य से “ मेरे सपनों का भारत ” विषय पर भाषण, चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्राओं ने अपने विचारों, कल्पनाओं और कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से विकसित, आत्मनिर्भर, स्वच्छ एवं सशक्त भारत की परिकल्पना प्रस्तुत की। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर की दिशा में महाविद्यालय परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं एवं महाविद्यालय परिवार ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व पर भी जोर दिया गया। शासन की विभिन्न की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से छात्राओं द्वारा कई रील्स तैयार की गईं। छात्राओं ने रचनात्मक एवं डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते हुए योजनाओं की जानकारी को सरल, रोचक एवं प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया। इस पहल के माध्यम से युवा वर्ग को शासकीय योजनाओं से जोड़ने एवं जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभागीय स्तर पर कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों को भी विशेष स्थान दिया गया। संस्था के फैशन टेक्नोलॉजी विभाग द्वारा वायर आभूषण निर्माण विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें छात्राओं ने वायर के माध्यम से आकर्षक एवं रचनात्मक आभूषण तैयार करने की तकनीक सीखी। वहीं संस्था के आर्किटेक्चर एवं इंटीरियर डिजाइन विभाग द्वारा फेरी गार्डन ( Fairy Garden) विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। छात्राओं ने रचनात्मक डिजाइन, सजावट एवं लैंडस्केपिंग की तकनीकों का प्रयोग करते हुए आकर्षक फेरी गार्डन तैयार किए। इन गतिविधियों ने छात्राओं की सृजनात्मक क्षमता के साथ-साथ उनके व्यावहारिक कौशल को भी बढ़ावा दिया। जबकि संस्था के होटल मैनेजमेंट एवं कैटरिंग विभाग के द्वारा डोनट एवं मफ़ीन मेकिंग पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती विजया शिंदे ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य छात्राओं को केवल तकनीकी शिक्षा तक सीमित न रखते हुए उन्हें सामाजिक रूप से जागरूक, पर्यावरण के प्रति संवेदनशील, स्वास्थ्य के प्रति सजग और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में दक्ष नागरिक के रूप में विकसित करना है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों में छात्राओं की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी यह दर्शाती है कि युवा शक्ति सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। महाविद्यालय द्वारा शिक्षा, कौशल, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी के समन्वय से छात्राओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से महाविद्यालय की छात्राओं ने यह संदेश दिया कि तकनीकी शिक्षा के साथ सामाजिक चेतना, पर्यावरण संरक्षण, रचनात्मकता और नवाचार को जोड़कर ही सशक्त एवं जिम्मेदार समाज की दिशा में सार्थक कदम बढ़ाया जा सकता है।







