सेवा संकल्प अभियान- 2026 के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित ‘ मेरे सपनों का भारत ’ विषयक चित्रकला प्रतियोगिता के चयनित उत्कृष्ट चित्रों की जिला स्तरीय ‘ सेवाचित्र ’ प्रदर्शनी आज सांदीपनि शासकीय अहिल्याश्रम कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक- 1 पोलोग्राउंड इंदौर के ऑडिटोरियम में आयोजित हुई। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत की कल्पना को रंगों और रेखाओं के माध्यम से अत्यंत सुंदर एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट थे। इस अवसर पर सांसद श्री शंकर लालवानी, विधायक श्री महेंद्र हार्डिया तथा श्री रमेश मेंदोला, श्री दीपक जैन तथा श्री सुमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षाविद्, विद्यालयों के प्रतिनिधि, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी में इंदौर जिले के शासकीय, अशासकीय एवं सीबीएसई विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा ‘ मेरे सपनों का भारत ’ विषय पर बनाए गए चयनित उत्कृष्ट चित्र प्रदर्शित किए गए। चित्रों में विद्यार्थियों ने विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छ एवं हरित भारत, आधुनिक शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीक, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास तथा सामाजिक समरसता सहित विभिन्न विषयों को रचनात्मकता के साथ उकेरा।
‘ सेवाचित्र ’ प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं और देश के प्रति आकांक्षाओं को अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान किया। प्रदर्शनी में आए अतिथियों एवं नागरिकों ने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा और उनके द्वारा प्रस्तुत विचारों की सराहना की। कार्यक्रम में 250 विद्यार्थी भी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी श्री शौर्य मल्होत्रा एवं जिला नोडल अधिकारी सुश्री सुनयना शर्मा के संयोजन में हुआ।




