मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड मोहखेड़ के सेक्टर क्रमांक- 3 लावाघोघरी में आज माटी गणेश-सिद्ध गणेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं युवाओं को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।

म.प्र.जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के निर्देशन एवं ब्लॉक समन्वयक श्री भवानी प्रसाद कुमरे की उपस्थिति में सेक्टर क्रमांक- 3 लावाघोघरी के अंतर्गत आने वाली ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के कार्यों, आगामी गतिविधियों एवं माटी गणेश-सिद्ध गणेश अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान मूर्ति कलाकार श्री अनिल पाठक द्वारा मिट्टी के गणेश बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।

विकासखंड समन्वयक श्री भवानी प्रसाद कुमरे ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों एवं युवाओं से मिट्टी के गणेश बनाने का आह्वान किया। शुभ विचार एसोसिएशन डोडिया प्रभारी श्री अनिल कुमार डेहरिया ने भी समितियों एवं ग्रामीणों को मिट्टी के गणेश जी स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मिट्टी से बनी प्रतिमाएं पर्यावरण के अनुकूल होती हैं तथा इनके विसर्जन से जल स्रोतों में प्रदूषण भी नहीं होता है।

कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति लावाघोघरी से श्री पंछा शाह उईके, श्री मनीष सीलू, श्री गणेश सीलू, चूड़ाबोह से श्री तुलसकर इरपाची, श्री दुर्गेश साहू, राजोला माल से श्री श्रीराम वट्टी, श्री शनिलाल धुर्वे, परासिया बैतूल से श्री कुंवरलाल चिकाने, मछेरा से श्री शिव कैलाश सीलू, गोविंदवाड़ी से श्री विनोद देशमुख सहित आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने मिट्टी से बने गणेश जी को अपने-अपने घरों में स्थापित करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित एवं जागरूक करने का संकल्प लिया।