ओरछा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं स्थापत्य विरासत इसकी विशिष्ट पहचान है - कलेक्टर श्रीमती भिड़े

ओरछा के हेरिटेज स्वरूप के संरक्षण के महत्व एवं उपयोगिता को लेकर बैठक हुई आयोजित, आवश्यक दिशा-निर्देश दिए

कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े की अध्यक्षता में सोमवार को होटल बेतवा रिट्रीट, ओरछा में ओरछा के हेरिटेज स्वरूप के संरक्षण के महत्व एवं उपयोगिता को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने कहा कि ओरछा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं स्थापत्य विरासत इसकी विशिष्ट पहचान है। इसके संरक्षण के लिए सभी संबंधित विभागों एवं स्थानीय नागरिकों को समन्वित प्रयास करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि हेरिटेज स्थलों की मूल संरचना और प्राचीन स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए ओरछा में विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्रीमती भिडे ने कहा कि किसी भी कार्य की योजना बनाने से ज्यादा महत्व उसे जमीनी स्तर पर लागू करने को दें।पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण का प्लान भी बनाएं जिससे ओरछा में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संरक्षण कार्यों में ऐतिहासिक महत्व और पुरातात्विक मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।

संयुक्त संचालक (योजना) मप्र टूरिज्म बोर्ड श्री प्रशांत सिंह बघेल ने कहा कि ओरछा में चल रहे सभी निर्माण कार्यों का हेरिटेज इम्पैक्ट असेसमेंट (HIA) करवाना अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी विभाग आवश्यक रूप से निर्माण कार्यों का HIA कराएं। बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं संबंधित प्रतिनिधियों ने ओरछा की विरासत के संरक्षण हेतु अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। बैठक में एसडीएम श्री अशोक सेन, तहसीलदार श्री जगदीश रंधावा, सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट सुश्री शिल्पा शर्मा, ईई श्री अनूप गुप्ता, संग्रहाध्यक्ष श्री घनश्याम बाथम, सीएमओ श्री आरएस पटेरिया, प्रबंधक श्री गिरीश मौर्य सहित सभी विभागीय अधिकारी, कंसल्टेंट मौजूद रहे।