मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार शनिवार को जिला न्यायालय परिसर खंडवा तथा तहसील सिविल न्यायालय हरसूद एवं पुनासा में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु जिला खंडवा में कुल 20 खंडपीठों का गठन किया गया था। गठित खंडपीठों के समक्ष न्यायालयों में लंबित समझौता योग्य प्रकरणों को निराकरण हेतु प्रस्तुत किया गया।

लोक अदालत का उद्देश्य पक्षकारों के मध्य आपसी सहमति एवं समझौते के माध्यम से प्रकरणों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण कर उन्हें न्यायालयीन प्रक्रिया से राहत प्रदान करना रहा। शनिवार को आयोजित नेशनल लोक अदालत में जिला खंडवा की 20 खंडपीठों के द्वारा न्यायालयों में लंबित 615 प्रकरणों एवं प्रीलिटिगेषन के 855 प्रकरणों का निराकरण आपसी समझौते एवं सहमति के आधार पर किया गया।

इस प्रकार निराकृत प्रकरणों से संबंधित पक्षकारों को त्वरित एवं सुलभ न्याय का लाभ प्राप्त हुआ। इससे पूर्व नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी, नेशनल लोक अदालत श्री उत्सव चतुर्वेदी, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्री योगराज उपाध्याय, जिला न्यायाधीश श्री अनिल चौधरी, श्री अरविंद सिंह टेकाम, श्री आशीष प्रताप सिंह, श्री वीरेंद्र जोशी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री ठाकुर प्रसाद मालवीय, जिला रजिस्ट्रार श्री अरविंद सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री पियूष भावे सहित अन्य न्यायाधीशगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री रविंद्र पाथरीकर, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह, जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी एवं अधिवक्तागण, लोक अभियोजन अधिकारीगण, बैंक, नगर पालिका एवं विद्युत विभाग के अधिकारीगण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, पैनल अधिवक्तागण, पैरालीगल वॉलंटियर्स तथा न्यायालयीन कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।